जमालपुर थाना क्षेत्र के फुलका गांव में छापेमारी कर एक अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति बरामद. इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग चार करोड़ रुपये बतायी जा रही है
पुलिस ने शनिवार को जमालपुर थाना क्षेत्र के फुलका गांव में छापेमारी कर एक अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति बरामद की. इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग चार करोड़ रुपये बतायी जा रही है. इस मामले में पुलिस ने मुंगेर व भागलपुर जिले के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसके पास से पांच मोबाइल व आधे दर्जन विभिन्न बैंकों के एटीएम भी बरामद की गयी है. पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फुलका गांव निवासी सोनू कुमार के पास एक अष्टधातु की मूर्ति है और उसका सौदा साढ़े चार करोड़ में किया जा रहा है. मूर्ति को तस्करी कर ले जाने के लिए कुछ लोग पहुंचे हुए हैं. एसआइटी की टीम ने सोनू के घर छापा मारा, जहां से लगभग 12 किलो की अष्टधातु की मूर्ति बरामद की गयी. पुलिस ने मौके से सोनू कुमार सहित रामपुर कॉलोनी जमालपुर निवासी बालेंद्र शेखर, भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के चंपानगर निवासी मो औरंगजेब व मो मोहसीन को गिरफ्तार किया. जो मूर्ति को तस्करी कर डिलीवरी करने के फिराक में था.

Comments
Post a Comment